प्रधानमंत्री आवास योजना से नरेन्द्र साहू का पक्के घर का सपना हुआ साकार
जांजगीर-चांपा, 16 अक्टूबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत अकलतरा की ग्राम पंचायत तरौद निवासी श्री नरेन्द्र साहू का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है। कभी खपरे और टीन की छत वाले कच्चे मकान में रहने वाले उनके परिवार को अब पक्के आवास की सुविधा मिली है।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण श्री साहू के लिए पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। पुराने घर की छत से पानी टपकने के कारण उन्हें विशेषकर बरसात के दिनों में काफी परेशानी होती थी। सीमित संसाधनों के चलते वे लंबे समय से बेहतर आवास की उम्मीद लगाए हुए थे। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके लिए मददगार साबित हुई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उनका आवास स्वीकृत हुआ, जिसके बाद उन्होंने पक्के मकान का निर्माण पूरा कराया। आवास निर्माण के साथ ही श्री साहू के परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिला है। उन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी गैस कनेक्शन और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय की सुविधा प्राप्त हुई है। इन सुविधाओं से परिवार की दैनिक जीवनशैली में भी सुधार आया है।
श्री नरेन्द्र साहू ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके परिवार के पक्के घर के सपने को पूरा किया है। अब उनका परिवार अपने घर में बेहतर सुविधाओं के साथ जीवनयापन कर रहा है। श्री साहू की यह कहानी दर्शाती है कि जरूरतमंद परिवारों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचने से उनके जीवन में ठोस और सकारात्मक बदलाव संभव है।