सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी
जांजगीर-चांपा, 16 अक्टूबर 2026/sns/- खेती के दौरान खाद-बीज की खरीदी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए समय पर धनराशि की आवश्यकता होती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली राशि किसानों को इन खर्चों की व्यवस्था करने में सहूलियत देती है। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम सलखन निवासी किसान श्री गंगाधर साहू भी इस योजना का लाभ ले रहे हैं।
श्री साहू के अनुसार खेती-किसानी में कई ऐसे खर्च होते हैं, जिनके लिए समय पर पैसे की जरूरत पड़ती है। योजना के तहत हर चार माह में मिलने वाली 2,000 रुपये की किस्त से उन्हें कृषि संबंधी जरूरतों के लिए राशि की व्यवस्था करने में सुविधा होती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में दिए जाते हैं। इस राशि से किसान अपनी जरूरत के अनुसार खेती से जुड़े खर्च पूरे कर सकते हैं। श्री गंगाधर साहू ने योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।