ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति करें जागरूक: श्रीमती मोनिका
मुंगेली, 22 अक्टूबर 2026/sns/- गांवों को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत संचालित गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, रायपुर की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने आज मुंगेली जिले के पथरिया जनपद पंचायत अंतर्गत ओडीएफ मॉडल ग्राम घुटिया, टिकैतपेंड्री, मोहभट्ठा-स और किरना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गांवों को कचरा मुक्त बनाने के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अंतर्गत लक्षित ग्रामों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। स्वच्छग्राहियों को कचरे का चार श्रेणियों में वर्गीकरण करने की जानकारी दी गई। इनमें सूखा कचरा, गीला कचरा, सेनेटरी कचरा तथा विशेष देखभाल वाले इलेक्ट्रॉनिक कचरे को अलग-अलग रखने की प्रक्रिया समझाई गई। ग्रामीणों को बताया गया कि घरों से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग रखने से उसके उचित प्रबंधन और गांव को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है। राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने घर-घर कचरा संग्रहण में संलग्न स्वच्छग्राही समूह के सदस्यों से संवाद कर उनके कार्यों और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने गांवों में नियमित कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पंचों और सचिवों से कहा गया कि वे ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करें। जो लोग खुले में या निर्धारित स्थान के अतिरिक्त अन्य जगहों पर कचरा फेंकते हैं, उन्हें पहले विनम्रता से समझाकर जागरूक किया जाए। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई पर भी ध्यान दिया जाए। साथ ही, ग्रामीणों को स्वच्छता शुल्क के नियमित भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने और कचरा प्रबंधन व्यवस्था में सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान गांवों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों को इनका नियमित उपयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था के लिए केवल निर्माण कार्य पर्याप्त नहीं है, बल्कि सुविधाओं का नियमित उपयोग और रखरखाव भी आवश्यक है। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पथरिया, जिला समन्वयक, जनपद पंचायत की टीम, नोडल अधिकारी, सरपंच, पंचगण, सचिव, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की महिलाएं, ग्रामीणजन और स्वच्छग्राही उपस्थित रहे।