कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने राज्योत्सव-2026 के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कवर्धा, 22 अक्टूबर 2026/sn/s- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव-2026 का एक दिवसीय आयोजन 2 नवंबर 2026 को आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा के मैदान में किया जाएगा। आयोजन के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं।
जारी आदेश के अनुसार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा कवर्धा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री चेतन साहू को मेला स्थल प्रभारी बनाया गया है। इनके मार्गदर्शन में संबंधित विभागों के अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
आयोजन के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम को सौंपी गई है। शांति व्यवस्था के लिए अपर कलेक्टर श्री रामप्रसाद अचला एवं नायब तहसीलदार कवर्धा श्री विकास जैन को दायित्व दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, पंडाल, सजावट, प्रवेश द्वार एवं स्टॉल की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए समिति गठित की गई है। अग्निशमन, साफ-सफाई, मंच, आवास एवं अतिथि सत्कार, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, मंच संचालन, स्वल्पाहार, आमंत्रण पत्र, प्रशस्ति पत्र, फ्लेक्स एवं मोमेंटो की व्यवस्था के लिए भी संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। इसके साथ ही आमंत्रण पत्र वितरण, मीडिया समन्वय, पुष्प एवं मालाओं की व्यवस्था तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जारी आदेश के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर एवं समन्वय के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राज्योत्सव का आयोजन व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।