नवपदस्थ पंचायत सचिवों के लिए जिला प्रशासन का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण

सुकमा, 22 अक्टुबर 2026/sns/- जिले के सुदूर अंचलों तक शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने और जमीनी प्रशासनिक तंत्र को अधिक पारदर्शी व उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक प्रभावी पहल की है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार जनपद पंचायत कोन्टा एवं छिन्दगढ़ के कुल 20 नवपदस्थ ग्राम पंचायत सचिवों के लिए जिला पंचायत सुकमा के सभाकक्ष में 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक तीन-दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन की इस दूरदर्शी सोच का मुख्य ध्येय पंचायत स्तर पर कार्यप्रणाली को सुगम, त्रुटिहीन व समयबद्ध बनाना है, जिससे अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंच सके।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत नवपदस्थ सचिवों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, 16वें वित्त आयोग, विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (मनरेगा), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम जैसे अहम विषयों पर विषय-विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु “ई-ग्राम स्वराज पोर्टल“ और “ग्राम संपदा ऐप“ के संचालन का भी गहन तकनीकी प्रशिक्षण सुनिश्चित किया गया है। जिला प्रशासन ने पंचायत स्तर पर जवाबदेही व अनुशासन तय करते हुए सभी सचिवों की अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश दिए हैं, जिससे सुकमा जिले के समग्र ग्राम्य विकास और सुशासन के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।

About The Author