स्वच्छ और कचरा मुक्त गांव बनाने पर जोर, राज्य सलाहकार ने किया स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण
बिलासपुर, 23 अक्टूबर 2026/sns/- स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने बिल्हा विकासखंड के ओडीएफ मॉडल ग्राम बिटकुली, पासीद, खम्हारडीह एवं मंगला (प) में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण और अपशिष्ट निपटान की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्वच्छ एवं कचरा मुक्त गांव बनाने के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने स्वच्छग्राहियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अंतर्गत कचरे को चार श्रेणियों सूखा, गीला, सेनेटरी एवं विशेष देखभाल वाले इलेक्ट्रॉनिक कचरे में अलग-अलग रखने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए घरों से ही कचरे का पृथक्करण जरूरी है। ग्रामीणों को नियमित कचरा संग्रहण में सहयोग करने और स्वच्छता शुल्क का भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। श्रीमती सिंह ने घर-घर कचरा संग्रहण में संलग्न स्वच्छग्राही समूहों के सदस्यों से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सरपंचों एवं सचिवों से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वाले लोगों को पहले समझाइश दी जाए। इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने गांवों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों के नियमित उपयोग और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक, जनपद पंचायत की टीम, नोडल अधिकारी, सरपंच, पंच, सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की महिलाएं, स्वच्छग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।