प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने ली सोलर वेंडरों की बैठक
मोहला, 23 अक्टूबर 2026/sn/s- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में योजना की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले में कार्यरत सोलर वेंडरों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाकर समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री उज्वल पोरवाल, एसडीएम मोहला सुश्री शुभांगी गुप्ता, विद्युत विभाग, लीड बैंक मैनेजर, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्रीमती सलाम ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने और बिजली बिल में राहत प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। इसलिए योजना के अंतर्गत जिले को प्राप्त लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी संबंधित विभाग एवं सोलर वेंडर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने सोलर वेंडरों को आवंटित वार्ड एवं क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें सोलर रूफटॉप स्थापित कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। ऋण आवेदनों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा बैंक स्तर पर आने वाली समस्याओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान किया जाए, ताकि पात्र हितग्राही आसानी से योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक होनी चाहिए।
योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षक, सरपंच, सचिव, व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों के माध्यम से आम नागरिकों को जागरूक किया जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार की गतिविधियां संचालित कर लोगों को सौर ऊर्जा के लाभ, योजना की पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी बढ़ने से योजना के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और अधिक से अधिक परिवार स्वच्छ ऊर्जा का लाभ उठा सकेंगे।
कलेक्टर श्रीमती सलाम ने बैंक, सोलर वेंडर एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजना का लाभ लेने वाले हितग्राहियों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट एवं सरल सूची तैयार कर हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें पहले से ही जानकारी रहे कि आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों की समस्याओं का समय पर निराकरण करने तथा योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।