राज्योत्सव के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपा दायित्व
दुर्ग, 26 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन में जिला मुख्यालय दुर्ग में 02 नवंबर 2026 तक एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन पुराना गंजमंडी गंजपारा परिसर दुर्ग में किया जा रहा है। राज्योत्सव के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कार्यक्रम संचालन समिति का गठन किया गया है। उपयुक्त समिति में जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग कुमार दुबे, अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र सिंह एवं अपर कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा शामिल है। अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र सिंह को संपूर्ण कार्यक्रम हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा अपर कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रफुल्ल कुमार गुप्ता को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। जिसके अंतर्गत कलेक्टर से अनुमोदन प्राप्त कर आमंत्रण पत्र की छपाई एवं वितरण हेतु जिला पंचायत सीईओ श्री बी.के. दुबे, मंत्रीगण/सदस्यीय सचिव एवं गणमान्य अतिथियों को आमंत्रण पत्र वितरण हेतु अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, तहसीलदार श्री पवन ठाकुर और अतिरिक्त तहसीलदार श्री डिकेश्वर साहू एव नायब तहसीलदार श्री ढालसिंह बिसेन को दायित्व दिया गया है। इसी क्रम में प्रतिदिन कार्य स्थल की साफ सफाई, मोबाइल टायलेट की व्यवस्था, डस्टबिन व्यवस्था तथा फूड स्टॉल आबंटन का दायित्व नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुश्री लीना कोसम को, मंच, स्टॉल, बैरिकेटिंग, सोफा, कुर्सी, माइक लाइटिंग, सत्कार आदि की संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आशीष भट्टाचार्य, तांदुला जल संसाधन के कार्यपालिका अभियंता श्री आशुतोष सारस्वत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री घनश्याम मारकण्डेय और लोक निर्माण विभाग (वि/यां) के कार्यपालन अभियंता श्री अब्दुल वारिस को दिया गया है। बांस बल्ली की व्यवस्था वनमंडलाधिकारी श्री चंद्र कुमार अग्रवाल, सांस्कृतिक दलों कलाकारों का चयन, सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने एवं मंच की समस्त व्यवस्था का दायित्व नगर निगम रिसाली आयुक्त सुश्री मोनिका वर्मा, डिप्टी कलेक्टर दुर्ग अनन्या अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर और आदिवासी विकास विभाग दुर्ग के सहायक आयुक्त श्री अविनाश श्रीवास को, कार्यस्थल पर वाहन पार्किंग पहुंच एवं निगम स्थल पर यातायात व्यवस्था का दायित्व यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल को, अतिथियों हेतु शॉल, श्रीफल एवं मोमेंटो की व्यवस्था का दायित्व क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री मृत्युंजय पटेल को, स्थानीय कलाकार को रुकवाने एवं ठहरने की व्यवस्था एवं मीडिया सेंटर के स्वल्पाहार पानी की व्यवस्था का दायित्व खाद्य नियंत्रक श्री अनुराग भदौरिया, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री अविनाश श्रीवास, सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टाफर खल्खो को दिया गया है।
कार्यस्थल पर फर्स्ट एड किट एवं एंबुलेंस व्यवस्था का कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी और सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशीषन मिंज करेंगे। आवश्यकतानुसार फूल माला, गुलदस्ता इत्यादि की व्यवस्था, मंच पर कलाकारों के सम्मान हेतु शॉल, श्रीफल, मोमेंटो इत्यादि की व्यवस्था एवं महत्वपूर्ण अतिथियों तथा कलाकारों के सत्कार की व्यवस्था का दायित्व उपसंचालक कृषि श्री संदीप कुमार भोई, खनिज अधिकारी श्री दीपक मिश्रा, उप संचालक उद्यानिकी श्री नारायण सिंह लाउत्रे और तहसीलदार श्री पवन ठाकुर का होगा। मंच संचालन हेतु उद्घोषकों की व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर, पानी टैंकर एवं पेयजल की व्यवस्था, मंच/कलाकारों/वीआईपी सेक्टर की सम्पूर्ण व्यवस्था नगर निगम आयुक्त सुश्री लीना कोसम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री उत्कर्ष पांडेय करेंगे।
राज्योत्सव के संबंध में प्रेस एवं मीडिया से समन्वय कर प्रचार प्रसार की व्यवस्था का दायित्व जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक श्री एम.एस. सोरी का होगा। जिला व्यापार एवं उद्योग के मुख्य महाप्रबंधक श्री बी.आर. निकुंज और श्रम पदाधिकारी श्रीमती पायल शर्मा, अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार स्टॉल आवंटन का दायित्व संभालेंगे। अग्निशमन यंत्र एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था जिला सेनानी नगर सेनानी श्री दिनेश रावटे, कार्यक्रम स्थल पर निर्वाध विद्युत व्यवस्था एवं जनरेटर की व्यवस्था विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता श्री आर.के. दानी करेंगे।
राज्योत्सव में विभिन्न विकास विभागों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभागीय उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा तथा इसका थीम ’सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रहेगा। विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सफल परियोजनाओं का प्रदर्शन का दायित्व सर्व विभाग प्रमुखों को दिया गया है। संबंधित सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की गंभीरता एवं तत्परतापूर्वक संपादन सुनिश्चित करने कहा गया है।