27 से 29 अक्टूबर तक आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बारिश की संभावना
अम्बिकापुर, 27 अक्टूबर 2026/sns/- मौसम विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार 27 से 29 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर ने अनुविभाग क्षेत्र के नागरिकों से सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है
गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न रुकें
प्रशासन ने विशेष रूप से किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, पशुपालकों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी-तूफान और गरज-चमक के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को जंगलों में नहीं जाने की अपील की गई है। नागरिकों को नदी-नालों के किनारे आवागमन से बचने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है।
पशुपालकों से अपने पशुओं को पेड़ों के नीचे नहीं बांधने तथा सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है। साथ ही बिजली के खंभों, विद्युत तारों और कमजोर एवं जर्जर भवनों से दूर रहने को कहा गया है।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने और जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह
भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को मौसम की स्थिति के अनुसार तैयार फसलों की कटाई शीघ्र पूरी करने तथा कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। सब्जी एवं फल उत्पादक किसानों को खेतों में जलभराव रोकने के लिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि संभावित जन-धन हानि से बचा जा सके।