वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत संचालित तालाब गहरीकरण कार्यों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीबी-जी राम जी के अंतर्गत संचालित तालाब गहरीकरण कार्यों का कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
जिला पंचायत रायगढ़ के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी एवं तकनीकी समन्वयक ने रायगढ़ और पुसौर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों का जायजा लेकर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया। साथ ही श्रममूलक कार्यों को बढ़ावा देने और ग्रामीणों के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुसौर विकासखंड की ग्राम पंचायत पचेड़ा में चंदन तालाब गहरीकरण कार्य, रायगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत कुर्मापाली में दर्रा तालाब गहरीकरण कार्य तथा ग्राम पंचायत जोरापाली में नया तालाब गहरीकरण कार्य का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यस्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त श्रममूलक कार्यों की पहचान करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमानुसार आवश्यक स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके। ग्राम पंचायत जोरापाली में नया तालाब गहरीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान जल के सुचारु प्रवाह एवं बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए इनलेट और आउटलेट की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक तकनीकी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि तालाब गहरीकरण जैसे जल संरक्षण के कार्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा
तालाबों के गहरीकरण से उनकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने, वर्षा जल का बेहतर संचयन करने और भूजल स्तर के संवर्धन में मदद मिलेगी। इससे कृषि एवं अन्य ग्रामीण आजीविका गतिविधियों को भी लाभ मिलने की संभावना है। वीबी जी राम जी के अंतर्गत ऐसे कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन से जल संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा मैदानी निरीक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है।