सखी वन स्टॉप सेंटर ने छात्राओं को दहेज प्रथा और महिला अधिकारों के प्रति किया जागरूक
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 27 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार और महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती विभा बख्शी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा 26 अक्टूबर को श्री राम आदर्श महिला महाविद्यालय, सारंगढ़ में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को दहेज प्रथा, महिला अधिकारों, सुरक्षा, घरेलू हिंसा और विभिन्न प्रकार की प्रताड़ना से संबंधित जानकारी दी गई।
शिविर में सखी वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर और केस वर्कर ने छात्राओं को दहेज प्रथा के दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता से जुड़ा गंभीर सामाजिक मुद्दा है। इसके उन्मूलन के लिए सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने की आवश्यकता है।
छात्राओं को महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया गया कि दहेज की मांग, घरेलू हिंसा, मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना अथवा अन्य उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं सहायता और कानूनी संरक्षण प्राप्त कर सकती हैं। इस दौरान महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में समाज की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
शिविर में सखी वन स्टॉप सेंटर की भूमिका और वहां उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि हिंसा, उत्पीड़न या संकट का सामना कर रही महिलाएं सेंटर के माध्यम से आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्हें टोल-फ्री महिला हेल्पलाइन नंबर 181 के बारे में भी बताया गया और जरूरत पड़ने पर समय पर मदद लेने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर सुश्री इंदु अजय तथा केस वर्कर श्रीमती रश्मि सिंगसर्वा और श्रीमती मंजू रात्रे उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरतमंद महिलाओं को सहायता के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।