प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का अंतरण 30 अक्टूबर को
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 26 अक्टूबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का अंतरण 30 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित करेंगे। जारी लॉट के अंतर्गत सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के 72 हजार 874 किसान इस किस्त से लाभान्वित होंगे।
उप संचालक कृषि से प्राप्त जानकारी के अनुसार लाभान्वित होने वाले किसानों में विकासखंड बरमकेला के 18 हजार 167, सारंगढ़ के 24 हजार 706 और बिलाईगढ़ के 30 हजार एक किसान शामिल हैं। किस्त अंतरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दिन को “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में मनाया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिला स्तर पर आयोजित होने वाले सभी आयोजनों को भव्यता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। भारत सरकार के निर्देशानुसार पीएम किसान उत्सव दिवस पर जिला स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र तथा विकासखंड स्तर पर विकासखंड कार्यालयों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और पंचायत मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रमों में किसानों को पीएम-किसान योजना की पात्रता, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया सहित सूचना, शिक्षा एवं संचार संबंधी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपनी ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की अपील की है, ताकि सम्मान निधि की राशि प्राप्त करने में बाधा न आए। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों के बैंक खातों में राशि सीधे हस्तांतरित की जाती है।
किसान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप या अन्य इंटरनेट-सक्षम उपकरणों पर वेबकास्ट लिंक http://pmindiawebcast.nic.in/ के माध्यम से देख सकेंगे। इसके जरिए वे प्रधानमंत्री के संबोधन और कृषि एवं कृषक कल्याण से संबंधित संदेशों को सुन सकेंगे।