तसर पालन से मजबूत होगी ग्रामीणों की आजीविका

बीजापुर, 27 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में तसर रेशम पालन को बढ़ावा देने एवं ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से रेशम विभाग द्वारा तसर पालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम कोत्तापल्ली स्थित शासकीय कोसा बीज केंद्र के 13 तसर पालकों को पालित प्रजाति के स्वस्थ डिम्ब समूह वितरण योजना के अंतर्गत 3,700 स्वस्थ डिम्ब समूह वितरित किए गए। योजना के तहत हितग्राहियों को कुल 51 हजार 800 रुपए की सब्सिडी प्रदान की गई है। वितरित स्वस्थ डिम्ब समूह केंद्रीय रेशम बोर्ड की इकाई बीएसएमटीसी बस्तर से प्राप्त किए गए हैं। इनका कुल मूल्य 59 हजार 200 रुपए है, जिसमें शासन द्वारा 51 हजार 800 रुपए की सब्सिडी प्रदान किए जाने से हितग्राहियों को मात्र 7 हजार 400 रुपए का अंशदान करना पड़ा। इससे तसर पालकों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण कोसा उत्पादन करने का अवसर मिलेगा।
योजना से लाभान्वित हितग्राहियों में श्री कुरसम बद्री, श्री कुरसम लक्ष्मण, श्री बस्वैया, श्री कुरसम लक्ष्मैय्या, श्री कुरसम महेंद्र, श्री गोते राम बाबू, श्री यालम नारायण, श्रीमती सरोजना एवं श्रीमती अनीता महेश सहित कुल 13 तसर पालक शामिल हैं। स्वस्थ डिम्ब समूहों के वितरण से तसर पालकों को वैज्ञानिक पद्धति से कृमिपालन करने में सहायता मिलेगी। साथ ही गुणवत्तापूर्ण कोसा उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण परिवारों को अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि तसर रेशम पालन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। स्वस्थ डिम्ब समूह वितरण योजना के माध्यम से तसर पालकों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author