संभावित बाढ़ को लेकर सभी विभाग रहें अलर्ट, राहत एवं बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करें
बीजापुर, 27 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में संभावित बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव की तैयारियों, आगामी धान खरीदी, बस्तर मुन्ने अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
’संभावित बाढ़ को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश’- कलेक्टर ने नदी किनारे एवं संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में विशेष सतर्कता बरतने, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद परिवारों को आवश्यकता अनुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में एनडीआरएफ के 30 जवानों के पहुंचने तथा राहत एवं बचाव के लिए पर्याप्त नावों की उपलब्धता की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने पर्याप्त वाहन, नाव, राहत भवन, अस्थायी टेंट एवं आवश्यक मशीनरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बिजली, शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग को सतर्क रहने तथा कोटवारों एवं पंचायत सचिवों के माध्यम से ग्रामीणों तक समय पर सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही फसल एवं मकान क्षति के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने को कहा।
’बस्तर मुन्ने अभियान के तहत 15 नवंबर तक सभी पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वित’- कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने अभियान की समीक्षा करते हुए चिन्हांकित गांवों में सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, पीएम किसान सम्मान निधि, एनआरएलएम, श्रमिक कार्ड, बैंक खाता, वनाधिकार पट्टा, मातृ वंदना योजना सहित जन्म, मृत्यु, विवाह, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र तथा आधार एवं राशन कार्ड लिंकिंग के लंबित कार्यों को 15 नवंबर तक पूर्ण करने को कहा। प्रत्येक पंचायत के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर आवश्यकता अनुसार विशेष शिविर लगाने के निर्देश भी दिए। वीबी-जी राम जी के अंतर्गत अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
’धान खरीदी केंद्रों में 15 नवंबर से पहले पूर्ण करें सभी व्यवस्थाएं’- आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों में पेयजल, शौचालय, जल निकासी, कांटा-बांट, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं 15 नवंबर से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। नवीन धान खरीदी केंद्र तिम्मापुर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर सख्त निगरानी रखने, चेक पोस्टों पर जांच बढ़ाने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा मे किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने पीएम किसान के सभी पात्र किसानों एवं वनाधिकार पट्टाधारियों का एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करने तथा लंबित किसान क्रेडिट कार्ड प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक निर्देश दिए।
’शिक्षा, स्वास्थ्य एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा’- कलेक्टर ने आंगनबाड़ी में दर्ज सभी बच्चों के जन्म, जाति एवं आधार कार्ड शत-प्रतिशत बनाने तथा महाविद्यालयों के पात्र विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को टीबी मुक्त अभियान एवं एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाने को कहा। वहीं नर्सिंग कॉलेज, जिला अस्पताल एवं बाईपास निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत नगरीय प्रशासन, शिक्षा, ऊर्जा एवं लोक निर्माण विभाग के लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने, श्रद्धांजलि योजना के पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत अंदरूनी क्षेत्रों के पात्र नागरिकों के आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी गण समस्त अनुभाग के एसडीएम डिप्टी कलेक्टर तहसीलदार सीईओ जनपद पंचायत एवं सीएमओ नगरीय निकाय उपस्थित थे।