असंगठित कर्मकारों के मेधावी बच्चों हेतु प्रोत्साहन योजना: मिलेगी 12 हजार 500 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि

अम्बिकापुर, 30 अक्टूबर 2026/sns/-  छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा असंगठित कर्मकारों के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने एवं उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को बढ़ावा देने के लिए असंगठित कर्मकार के मेधावी बच्चों हेतु प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की गई है। योजना के अंतर्गत पात्र पंजीकृत असंगठित कर्मकारों के प्रथम दो बच्चों को शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह लाभ एक शैक्षणिक वर्ष में केवल एक बार दिया जाएगा।

योजना के तहत कक्षा 10वीं अथवा 12वीं में अध्ययनरत छात्र को 5 हजार रुपये तथा छात्रा को 5 हजार 500 रुपये, समस्त स्नातक स्तर की कक्षाओं में छात्र को 7 हजार रुपये तथा छात्रा को 7 हजार 500 रुपये, समस्त स्नातकोत्तर स्तर की कक्षाओं में छात्र को 10 हजार रुपये तथा छात्रा को 10 हजार 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार समस्त व्यावसायिक एवं प्रोफेशनल शिक्षा के लिए छात्र को 12 हजार रुपये तथा छात्रा को 12 हजार 500 रुपये दिए जाने का प्रावधान है।

इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं अथवा 12वीं की परीक्षा में टॉप टेन में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही दुपहिया वाहन क्रय करने हेतु एक लाख रुपये की सहायता का भी प्रावधान किया गया है। सामान्य शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि के लिए संबंधित कक्षा अथवा पाठ्यक्रम में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पात्र होंगे। वहीं विशेष प्रोत्साहन के लिए अधिसूचना में निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा।

यह योजना असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 3 की उपधारा (4) के अंतर्गत जारी अधिसूचना के माध्यम से लागू की गई है। योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करना तथा उन्हें उच्च शैक्षणिक लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।

श्रम विभाग के सहायक श्रमायुक्त के द्वारा पात्र हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे योजना की विस्तृत पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी  श्रम कार्यालय अम्बिकापुर से प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।

About The Author