सहसपुर लोहारा में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कवर्धा, 02 नवंबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के राजस्व जिला कवर्धा अंतर्गत सहसपुर लोहारा उपसंभाग में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता एवं समस्या निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष श्री ए.के. गौराहा एवं कार्यपालन अभियंता कवर्धा संभाग श्री मनीष कुमार साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री ए.के. गौराहा ने उपभोक्ताओं को विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं शिकायत निवारण व्यवस्था के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी के स्थानीय कार्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निराकरण नहीं होने अथवा समाधान से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में उपभोक्ता फोरम के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने शिकायत प्रस्तुत करने की प्रक्रिया एवं संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री मनीष कुमार साहू ने भी विद्युत उपभोक्ताओं को उपलब्ध शिकायत निवारण व्यवस्था एवं विद्युत सेवाओं से संबंधित विषयों की जानकारी दी।
उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष श्री ए.के. गौराहा ने कहा कि बिजली बिल, मीटर, विद्युत आपूर्ति, वोल्टेज, नवीन कनेक्शन सहित अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्या होने पर उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित कार्यालय अथवा उपलब्ध शिकायत निवारण माध्यमों से अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। यदि निर्धारित स्तर पर शिकायत का संतोषजनक निराकरण नहीं होता है, तो नियमानुसार विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की जा सकती है।
उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा फोरम के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनकी विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सरल, सुलभ एवं नियमानुसार प्रक्रिया उपलब्ध कराना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए निर्धारित व्यवस्था का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।
ऑनलाइन माध्यम सहित उपलब्ध हैं शिकायत निवारण की सुविधाएं
कार्यशाला में बताया गया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था सहित विभिन्न शिकायत निवारण माध्यम उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से उपभोक्ता अपनी विद्युत संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं तथा शिकायत की स्थिति एवं निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अंतर्गत विद्युत सेवाओं से संबंधित शिकायतों और विवादों के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उपभोक्ताओं ने विद्युत संबंधी विभिन्न समस्याओं एवं विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधानपरक उत्तर देकर उनकी शंकाओं का निराकरण किया गया।