विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिलास्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
सुकमा, 02 नवम्बर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में छत्तीसगढ़ राज्य अंतर्गत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उक्त कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन तथा मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिले के विभिन्न तहसीलों में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील सुकमा में स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति केंद्र, तहसील कोंटा में जनपद पंचायत कोंटा के मीटिंग हॉल, तहसील दोरनापाल में एनआरसी भवन तथा तहसील छिंदगढ़ में जनपद पंचायत छिंदगढ़ के मीटिंग हॉल में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा उपस्थित बीएलओ को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत संपादित किए जाने वाले विभिन्न कार्यों, निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में बीएलओ को मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नामों के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही करने, मतदाता विवरणों में आवश्यक संशोधन तथा मतदाता सूची के सत्यापन से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र युवाओं एवं छूटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने हेतु विशेष रूप से प्रयास करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
आयोग द्वारा निर्धारित पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर 2026 तक पूर्ण की जाएगी। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके पश्चात 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के द्वारा द्वारा जिले के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि अवश्य करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम जुड़वाने हेतु आवेदन करें। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत करें। मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।विशेष संक्षिप्त