राज्योत्सव में विकास सह-प्रदर्शनी के माध्यम से दिखी शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की झलक
कवर्धा, 03 नवम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर कवर्धा के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित विकास सह-प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा भी छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ राज्य शाकंभरी बोर्ड के सदस्य श्री संतोष पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गणपत बघेल, श्री नितेश अग्रवाल, श्री पवन जायसवाल, श्री जयराम साहू एवं डॉ. आनंद मिश्रा सहित अन्य अतिथियों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में पुलिस, जल संसाधन, क्रेडा, राजस्व, हाउसिंग बोर्ड, कृषि, विद्युत, शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, बैंक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा, वन, जिला पंचायत, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, शक्कर कारखाना, लोक निर्माण, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, विधिक सहायता, परिवहन और श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं के लाभ, पात्रता और उनके क्रियान्वयन की जानकारी दी।
जनसंपर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आकर्षक छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी से शासन की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचती है। राज्योत्सव में लगी विकास सह-प्रदर्शनी ने शासन की योजनाओं और विकास गतिविधियों को एक ही स्थान पर जानने-समझने का अवसर प्रदान किया।