कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने अम्बिकापुर नगरीय क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण

अम्बिकापुर, 04 नवम्बर 2026/sns/-   अम्बिकापुर नगरीय क्षेत्र में  विकास कार्यों की प्रगति एवं आमजनों की सुविधाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को नगर के विभिन्न स्थलों एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौपाटी, सुभाष नगर स्थित थोक सब्जी मंडी, महामाया कॉरिडोर, महामाया तालाब तथा कांजी हाउस का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने रिंग रोड की समुचित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक बजट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में होने वाले व्यय की 50 प्रतिशत राशि नगर निगम द्वारा तथा शेष 50 प्रतिशत राशि डीएमएफ मद से वहन की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

चौपाटी की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, सड़क पर पार्किंग करने वालों पर होगी कार्रवाई-
कलेक्टर श्री वसंत ने चौपाटी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शेष निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा चौपाटी में आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने कहा। साथ ही उन्होंने नालियों की नियमित साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्मित शौचालय के बेहतर रखरखाव एवं संचालन के लिए दुकानदारों से मासिक शुल्क लेकर महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से संचालन की व्यवस्था करने कहा।

सुभाष नगर में जल्द शिफ्ट होगी थोक सब्जी मंडी, 28 दुकानों का होगा आवंटन-
कलेक्टर ने सुभाष नगर स्थित निर्माणाधीन थोक सब्जी मंडी का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने निर्मित 28 दुकानों का शीघ्र आवंटन करने तथा योजना के अनुसार अतिरिक्त 45 दुकानों का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंपनी बाजार में संचालित थोक सब्जी मंडी को शीघ्र सुभाष नगर में स्थानांतरित करने पर जोर दिया। साथ ही मंडी परिसर में सड़क, स्वच्छ आकांक्षी शौचालय सहित अन्य निर्माण कार्यों को मिशन मोड में शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

महामाया कॉरिडोर में प्रस्तावित निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश-

इसके बाद कलेक्टर श्री वसंत ने महामाया कॉरिडोर में भविष्य के लिए प्रस्तावित कार्यों का स्थल पर पहुंचकर लेआउट प्लान के अनुसार अवलोकन किया। उन्होंने प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण कार्य, महामाया तालाब सौंदर्यीकरण में किए जाने वाले विकास कार्यों के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कांजी हाउस गौठान में 200 मवेशियों के लिए होगी व्यवस्था, डीएमएफ से दो अतिरिक्त शेड स्वीकृत-
कलेक्टर ने कांजी हाउस गौठान का निरीक्षण कर वहां मवेशियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि डीएमएफ मद से मवेशियों को रखने के लिए 2 अतिरिक्त शेड निर्माण की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने गौठान में कम से कम 200 मवेशियों को रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शहर में मवेशियों के कारण होने वाली समस्याओं से निजात मिल सके।
उन्होंने गौठान में रखे जाने वाले मवेशियों के स्टेरलाइजेशन के लिए पशुपालन विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही करने कहा। साथ ही मवेशियों के चारा, पानी एवं शेड की व्यवस्था की जानकारी ली तथा इनके लिए आवश्यक राशि सीएसआर मद से उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की।

About The Author