मिठाई निर्माण इकाइयों में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

बीजापुर, 05 नवम्बर 2026/sns/- जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा मिठाई दुकानों एवं उनके निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ तथा कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार गठित संयुक्त जांच दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स कन्हैया स्वीट्स के मिठाई निर्माण स्थल पर साफ-सफाई का अभाव एवं अव्यवस्था पाई गई। निर्माण स्थल पर अनावश्यक सामग्री बेतरतीब ढंग से रखी हुई थी। खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति लापरवाही पाए जाने पर जांच दल ने तत्काल मिठाई निर्माण कार्य बंद कराया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को दो दिवस के भीतर आवश्यक सुधार कर विभाग को सूचित करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं किए जाने की स्थिति में प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में मेसर्स गणपति स्वीट्स की मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि संबंधित इकाई घर में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। इस पर जांच दल द्वारा बिना खाद्य लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित करने के संबंध में प्रकरण तैयार किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने भी एकत्र किए गए। इनमें गणपति स्वीट्स से मलाई पेड़ा, मथुरा पेड़ा एवं बूंदी लड्डू, कन्हैया स्वीट्स से कलाकंद एवं बर्फी तथा किशोरी होटल से बूंदी लड्डू एवं बेसन लड्डू के नमूने लिए गए। सभी सात नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने, निर्माण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा वैध खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन के साथ ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी श्री डी.के. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अंकित गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सौरभ तिवारी एवं खाद्य निरीक्षक श्री दिनेश मरकाम उपस्थित थे।

About The Author