NIFT में चयनित एकलव्य विद्यालय के 4 विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
सुकमा, 13 नवम्बर 2026/sns/- जिला प्रशासन की संवेदनशीलता, निरंतर प्रोत्साहन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की प्रतिबद्धता का सुखद परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुकमा के चार होनहार विद्यार्थियों आशा रवा, ममता, अनिता बघेल और लक्ष्मण बारसे ने देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर पूरे सुकमा जिले का मान बढ़ाया है। जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के तहत 12 नवंबर 2026 को आयोजित इस गरिमामय समारोह में इन विद्यार्थियों ने देश की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से सीधे संवाद कर सुदूर अंचल की प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम एवं NESTS की आयुक्त डॉ. प्रतिमा से भी भेंट कर भविष्य के लक्ष्यों हेतु महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे जिला प्रशासन का कुशल नेतृत्व और अटूट सहयोग एक मजबूत आधार स्तंभ बनकर उभरा है। सुकमा कलेक्टर श्री अमित कुमार के विशेष प्रोत्साहन एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन तथा सहायक आयुक्त श्री हेमंत कुमार सिन्हा के सक्रिय सहयोग से जिले के जनजातीय विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल अवसर प्राप्त हुए। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों और निरंतर मॉनिटरिंग का ही नतीजा है कि सुकमा जैसे दूरस्थ क्षेत्र के इन चारों विद्यार्थियों ने देश के प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT ) 2026 की प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की। इसमें आशा रवा, ममता और अनिता बघेल ने NIFT रायपुर तथा लक्ष्मण बारसे ने NIFT भोपाल में प्रवेश प्राप्त कर जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
प्रशासन की नीतियों को धरातल पर उतारने में विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की समर्पित टीम ने भी सराहनीय भूमिका निभाई है। EMRS सुकमा के प्राचार्य श्री राजीव कुमार के कुशल नेतृत्व और समस्त शिक्षक साथियों के अथक परिश्रम एवं निरंतर मार्गदर्शन ने ग्रामीण पृष्ठभूमि के इन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को तराशने का कार्य किया। प्रशासन, विद्यालय परिवार और अभिभावकों के इस सामूहिक समन्वय ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि शासन-प्रशासन की ओर से सही दिशा और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो आदिवासी अंचल के बच्चे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रह सकते।
एकलव्य विद्यालय से लेकर राष्ट्रपति भवन तक का यह गौरवशाली सफर न केवल इन चार विद्यार्थियों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह सुकमा जिला प्रशासन के शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और प्रयासों की भी बड़ी जीत है। विद्यालय परिवार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन, कलेक्टर श्री अमित कुमार और सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। इन विद्यार्थियों की सफलता अब सुकमा के अन्य हजारों जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का नया स्रोत बनेगी, जो प्रशासन के सहयोग से अपने सपनों को साकार करने की राह पर आगे बढ़ेंगे।