विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहींरू कलेक्टर श्री अमित कुमार
सुकमा, 16 नवम्बर 2026/sns/- जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति देने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कामकाज की गहन समीक्षा की। मंगलवार को जिलास्तरीय जनजाति गौरव दिवस के गरिमामयी आयोजन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आयुष्मान कार्ड, आंगनबाड़ी भवन निर्माण और आधार पंजीयन जैसे सीधे जनता से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके।
जिले में युवा प्रतिभाओं को मंच देने वाले “बस्तर ओलंपिक“ के गरिमामयी और सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही जिले की तस्वीर बदलने वाली महत्वाकांक्षी परियोजनाओं-जैसे साइंस पार्क, सुकमा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, एजुकेशन सिटी जगरगुंडा, हड़मा स्टेडियम और पंचायत कैफे-के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए दुरमा वाटरफॉल के सौंदर्यीकरण, शबरी नदी में राफ्टिंग और तेलावर्ती ट्रेकिंग जैसे नवाचारों को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
आगामी धान खरीदी सीजन को किसानों के लिए सुगम और पूर्णतः पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने पुख्ता रणनीति तैयार की है। कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने और किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन व डीसीएस की जानकारी देने के निर्देश दिए, जिससे उपार्जन के दौरान उन्हें कोई असुविधा न हो। वहीं, धान के अवैध भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई करने तथा किसी भी अनियमितता पर संबंधित समितियों व मिलर्स को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश देकर प्रशासन ने अपनी श्जीरो टॉलरेंसश् की नीति स्पष्ट कर दी है।
सुशासन और जवाबदेह प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से किया जाए तथा कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। जल जीवन मिशन सहित सभी विकास कार्यों में आपसी समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य ध्येय पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से जिले को विकास के नए आयाम पर ले जाना है।