राशन कार्डधारकों को सुचारू रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराने की गई आवश्यक व्यवस्था
मुंगेली, 12 नवंबर 2026/sns/- जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन कार्डधारकों को सुचारू रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराने जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था की गई है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में किसी भी राशन कार्डधारक का राशन कार्ड निरस्त नहीं किया गया है। कुछ उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉश मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण के दौरान पुराने एवं नए राशन कार्ड नंबर दर्ज करने पर तकनीकी समस्या प्रदर्शित हो रहा है। यह तकनीकी समस्या है, राशन कार्ड निरस्त होने का संकेत नहीं है। अतः हितग्राही किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें।
इसके लिए जिले के सभी 404 उचित मूल्य दुकान संचालकों को विभाग द्वारा विशेष लिंक उपलब्ध कराया गया है। दुकान संचालक इस लिंक में हितग्राही का पुराना राशन कार्ड नंबर दर्ज कर नवीन राशन कार्ड नंबर प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद ई-पॉश मशीन में नया नंबर दर्ज करने पर हितग्राही की पात्रता एवं खाद्यान्न वितरण से संबंधित समस्त जानकारी प्रदर्शित होगी और नियमानुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है, वे अपनी उचित मूल्य दुकान में ई-पॉश मशीन के माध्यम से ई-केवाईसी अवश्य कराएं। इसके अलावा राशन कार्ड में आधार कार्ड के अनुसार नाम दर्ज कराने, अंग्रेजी स्पेलिंग की त्रुटियों में सुधार तथा नाम परिवर्तन संबंधी संशोधन भी ई-पॉश मशीन के माध्यम से कराया जा सकता है। हितग्राही अपने राशन कार्ड में मोबाइल नंबर सीडिंग भी करा सकते हैं तथा राशन कार्ड से संबंधित आवश्यक जानकारी उचित मूल्य दुकान संचालक से प्राप्त कर सकते हैं।