सीएम हेल्पलाइन 1076 से 4 दिनों में दूर हुई आधार कार्ड की समस्या

सुकमा, 12 नवम्बर 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 जरूरतमंदों के लिए मददगार साबित हो रही है। इसका उदाहरण ग्राम पेरमारास, जिला सुकमा निवासी युगेश्वरी यादव के मामले में देखने को मिला। उनके आधार कार्ड में नाम की त्रुटि के कारण सही नाम ‘युगेश्वरी यादव’ के स्थान पर ‘उगेश्वरी यादव’ दर्ज था। कई बार सुधार का प्रयास करने के बावजूद आवेदन निरस्त होने से वे परेशान थीं। अंततः उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क किया, जहां से उन्हें तहसील कार्यालय तोंगपाल स्थित आधार सेवा केंद्र के माध्यम से समाधान का रास्ता मिला।
हेल्पलाइन से मिली जानकारी के आधार पर युगेश्वरी यादव आधार सेवा केंद्र तोंगपाल पहुंचीं। यहां केंद्र के कर्मचारियों ने उन्हें आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया में उचित मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। सही दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करने के बाद महज चार दिनों के भीतर उनके आधार कार्ड में नाम की त्रुटि सफलतापूर्वक सुधार दी गई। लंबे समय से लंबित समस्या का इतने कम समय में समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली।
आधार कार्ड में नाम सही होने पर युगेश्वरी यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और समय पर मिले सहयोग से उनकी समस्या का समाधान संभव हो पाया। यह पहल दर्शाती है कि शासन की जनहितकारी सेवाएं और प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली आम नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

About The Author