पीएम-जनमन आवास योजना से दिलासो पहाड़ी कोरवा का पक्के घर का सपना हुआ साकार

अम्बिकापुर, 15 नवम्बर 2026/sns/- विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। कभी कच्चे मकान में रहकर बारिश के दिनों में छत से टपकते पानी और घरेलू सामान भीगने की परेशानी झेलने वाली श्रीमती दिलासो पहाड़ी कोरवा आज अपने पक्के आवास में परिवार के साथ सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रही हैं। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत पक्का आवास मिलने से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार की जरूरतों और बच्चों के खर्चों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।

सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमादरहा निवासी दिलासो पहाड़ी कोरवा बताती हैं कि पहले उनका परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था। बारिश का पानी घर के अंदर आने से कपड़े और अन्य घरेलू सामान भीग जाते थे। ऐसी स्थिति में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कच्चे मकान में रहना उनके लिए हर मौसम में चिंता का विषय बना रहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें।

पीएम-जनमन आवास से सुरक्षित हुआ परिवार का आशियाना
दिलासो के परिवार को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत पक्का आवास मिला। इससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब मिट्टी के कच्चे मकान की जगह पक्की छत वाला घर मिल गया है। वे बताती हैं कि पहले बारिश के समय छत से पानी टपकने के कारण घर के अंदर रहना मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब पक्का मकान बनने से यह समस्या दूर हो गई है। ढलाई वाली छत और पक्के निर्माण के कारण परिवार को बारिश के दिनों में भी सुरक्षित रहने की सुविधा मिली है।

महतारी वंदन योजना से बच्चों की जरूरतें पूरी करने में मिल रही मदद
आवास के साथ-साथ महतारी वंदन योजना भी दिलासो के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। योजना के तहत हर महीने उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये की राशि अंतरित होती है। दिलासो बताती हैं कि उन्हें नियमित रूप से हर महीने राशि मिल जाती है। इस पैसे से बच्चों की जरूरतों और घर-परिवार के खर्चों को पूरा करने में सहायता मिलती है। सीमित आर्थिक संसाधनों वाले परिवार के लिए यह राशि उपयोगी साबित हो रही है।
उनका कहना है कि योजना से मिलने वाली सहायता राशि बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में काम आती है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें घरेलू खर्चों के प्रबंधन में भी सहूलियत हुई है।

विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए योजनाओं का मिल रहा लाभ
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों और बसाहटों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। इसके अंतर्गत पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के साथ सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, महतारी वंदन योजना महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जनजातीय समुदायों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से आवासीय सुरक्षा, आर्थिक सहायता और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार
शासन की योजनाओं से मिले लाभ से खुश दिलासो पहाड़ी कोरवा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। वे कहती हैं कि सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए काम कर रही है। उन्हें पक्का मकान मिला है और महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता भी मिल रही है। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर वे शुभकामनाएं देते हुए सरकार को धन्यवाद देती हैं। दिलासो के जीवन में आया यह बदलाव जनजातीय समाज के सम्मान, सुरक्षा और समावेशी विकास को दिशा दे रहा है।

—00—समाचार क्रमांक 66/2026/लोन्हारे

समाचार

राजापुर में धान खरीदी का हुआ शुभारंभ, पहले दिन किसान लक्ष्मण सिंह का धान खरीदा गया
अम्बिकापुर 15 नवम्बर 2026/ सरगुजा जिले में आज  15 नवंबर को अनुविभाग सीतापुर अंतर्गत धान खरीदी केंद्र राजापुर में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, ग्राम सरपंच, अन्य ग्रामवासियों एवं एसडीएम सीतापुर सुश्री प्राची ठाकुर की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की गई।

’पहले किसान का हुआ सम्मान’
शुभारंभ के अवसर पर कृषक ’लक्ष्मण सिंह पिता बलदेव’ का 10.40 क्विंटल धान का टोकन कटा था। सर्वप्रथम उनके धान की नमी जांच की गई। नमी जांच उपरांत वजन कर धान खरीदी प्रारंभ की गई। केंद्र में मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने पहले किसान का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

एसडीएम  प्राची ने कहा कि जिले में धान खरीदी को पूरी तरह पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया जाएगा। किसानों को टोकन, वजन, नमी जांच और भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

’किसानों में दिखा उत्साह’
धान खरीदी शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में काफी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में किसान केंद्र पहुंचे और खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि वे अपने धान को सुखाकर, साफ करके लाएं ताकि नमी की समस्या न हो और उन्हें सही दाम मिल सके।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि खरीदी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। बारदाना, कांटा-बांट, नमी मापक यंत्र, कंप्यूटर, टोकन व्यवस्था, पेयजल एवं छाया की व्यवस्था की गई है।
जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों को आश्वासन दिया कि खरीदी के दौरान उनकी हर समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।

About The Author