चिंतलनार बालक आश्रम में विद्यार्थियों को दिलाई गई बाल विवाह के रोकथाम की शपथ

सुकमा, 17 नवम्बर 2026/sns/- जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ जागरूकता अभियान के तहत विकासखंड कोंटा के बालक आश्रम चिंतलनार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल संरक्षण तथा बच्चों के अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम के लिए सभी को जागरूक एवं सजग रहने की समझाइश दी गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने तथा अपने आसपास ऐसी किसी भी घटना को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। टीम ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास को प्रभावित करता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य में बाधा बनता है। साथ ही किसी भी बच्चे के साथ हिंसा, शोषण अथवा बाल अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संरक्षण अधिकारी सुश्री मनीषा शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता श्री जोगेंद्र दिरदो, चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर सुश्री मल्लिका सोड़ी, श्री मनोज एक्का एवं केस वर्कर श्री मुड़ा पोडियामी उपस्थित रहे। विभागीय टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। प्रशासन का उद्देश्य जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और निरंतर प्रयासों के माध्यम से जिले के प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराना है।

About The Author