शबरी ऑडिटोरियम में हर्षाेल्लास के साथ मना “जनजातीय गौरव दिवस समारोह-2026“

सुकमा, 17 नवम्बर 2026/sns/- जिला प्रशासन एवं आदिवासी विकास विभाग सुकमा के संयुक्त तत्वावधान में कुम्हाररास स्थित शबरी ऑडिटोरियम में मंगलवार प्रातः 11 बजे से “जनजातीय गौरव दिवस समारोह-2026“ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए दंतेवाड़ा विधायक श्री चौतराम अटामी ने सर्वप्रथम परिसर में लगे विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर स्थानीय लोगों के साथ फोटो खिंचवाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर, जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके पश्चात मुख्य मंच पर पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया, जहां मुख्य अतिथि सहित समस्त मंचासीन अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
   जनजातीय गौरव दिवस 2026 के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा और बस्तर के महान क्रांतिकारियों के बलिदान को नमन करते हुए एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने जनजाति कल्याण और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला है। जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और प्रकृति संरक्षण की परंपरा की सराहना करते हुए बताया गया कि जिले की 85 से 86 प्रतिशत जनजातीय आबादी के उत्थान के लिए केंद्र, राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, बिहान, स्वच्छ भारत मिशन और “धरती आबा अभियान“ के साथ-साथ बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए साइंस पार्क, प्रारंभिक शिक्षा हेतु सशक्त आंगनबाड़ी अभियान, वन अधिकार पट्टा वितरण और नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास के लिए “नियद नेल्लानार“ जैसी विशेष पहल शामिल हैं। अंत में, वक्ता ने स्थानीय लोगों की ईमानदारी और सरल स्वभाव की प्रशंसा करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन जनजातीय समाज को सशक्त बनाने और विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
   जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल दंतेवाड़ा विधायक श्री चौतराम अटामी ने भगवान बिरसा मुंडा और देश के अन्य आदिवासी क्रांतिकारियों के अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने न केवल जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए “उलगुलान“ क्रांति का बिगुल फूंका, बल्कि समाज को नशे व कुरीतियों से दूर रहकर अपनी संस्कृति पर गर्व करने का संदेश भी दिया। श्री अटामी ने यह भी रेखांकित किया कि बिरसा मुंडा के बलिदान के परिणामस्वरूप ही आदिवासियों की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कानून बने।
    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “धरती आबा“ अभियान के माध्यम से जनजाति समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और सुकमा जैसे क्षेत्रों में नक्सलवाद के खात्मे और शांति बहाली को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसके लिए सुरक्षा बलों व स्थानीय युवाओं के शौर्य की सराहना की। अंत में उन्होंने समाज के लोगों से भ्रमित करने वाली ताकतों से सावधान रहने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इसके साथ ही वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के द्वारा जनजाति विकास के लिए किए गए कार्यों को रेखांकित किया और उनके जीवन से सीख लेने की बात कही।
प्रतिभावान छात्रों व समाज प्रमुखों का सम्मान, विधायक संग खिंचवाई तस्वीर
समारोह के दौरान आदिवासी समाज के अध्यक्ष, सचिव, वरिष्ठ सदस्यों, मांझी-चालकी सहित शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण के रूप में जब छात्रों ने साथ में तस्वीर लेने का आग्रह किया, तो मुख्य अतिथि विधायक श्री चौतराम अटामी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहजता से मंच से उतरकर बच्चों के बीच जाकर उनके साथ उत्साहपूर्वक छायाचित्र खिंचवाए।
इस अवसर पर महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोयम मंगम्मा, जनपद अध्यक्ष कोंटा श्रीमती कुसुमलता कोवासी, जनपद अध्यक्ष सुकमा श्री संतोष इडो, नगर पंचायत अध्यक्ष दोरनापाल श्रीमती राधा नायक, जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माड़े बारसे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता कवासी, एसडीएम श्री सूरज कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री रविशंकर वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी, सहायक आयुक्त श्री हेमंत सिन्हा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री शिवदास नेताम, सांख्यिकी अधिकारी श्री भोजपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author