तीन दिन मे 1314 किसानों से 3785 मीट्रिक टन धान खरीदी
समाचार,18 नवम्बर 2026/sns/- ख़रीफ विपणन वर्ष 2026-27 मे 15 नवम्बर 2026 से शुरू हुए समर्थन मूल्य मे धान खरीदी महाभियान अंतर्गत जिले मे 17 नवम्बर तक 1314 किसानों से 3785 मीट्रिक टन धान खरीदी हुई है। इसमें सिमगा अनुविभाग के उपार्जन केंद्रों मे सर्वाधिक 14194 क्विंटल की खरीदी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 से 17 नवम्बर 2026 तक राजस्व अनुविभाग सिमगा के 34 उपार्जन केंद्रों मे 14194 क्विंटल,अनुविभाग भाटापारा के 27 उपार्जन केंद्रों मे 13817 क्विंटल,अनुविभाग पलारी के 35 उपार्जन केंद्रों मे 4970 क्विंटल, अनुविभाग बलौदाबाजार के 20 उपार्जन केंद्रों मे 2737 क्विंटल एवं अनुविभाग कसडोल के 23 उपार्जन केंद्रों मे 2131 क्विंटल धान खरीदी हुई है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन मे जिले मे धान खरीदी की व्यापक तैयारी की गई है। इस वर्ष जिले के 181उपार्जन केंद्रों मे धान खरीदी की जा रही है। उपार्जन केंद्रों मे धान बेचने आने वाले किसानों की मुलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिये 12 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इसके साथ ही बिचौलिए पर कड़ी निगरानी के लिये 9 उड़नदस्ता दल गठित किया गया हैं। इसके साथ ही जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया हैं जो 24 घण्टे अलर्ट मोड़ पर है।