नया धान उपार्जन केंद्र खुलने से पांच ग्राम पंचायतों के 999 किसानों को मिली राहत, अब गांव के करीब ही बेच रहे धान

अम्बिकापुर, 19 नवम्बर 2026/sns/-  किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान विक्रय की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में नवीन धान उपार्जन केंद्रों का विस्तार किया गया है। इसी क्रम में जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कोरजा में नवीन धान उपार्जन केन्द्र आदिमजाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बिनकरा प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ समितियों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। गांव के नजदीक ही धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों के समय, श्रम और परिवहन पर होने वाले खर्च की बचत हो रही है।

बिनकरा धान उपार्जन केंद्र से पांच ग्राम पंचायतों में कोरजा, बिनकरा, बदगदरी, गुगराकला और गुमगरा खुर्द के कुल 999 पंजीकृत किसान हैं। नवीन उपार्जन केंद्र शुरू होने से इन गांवों के किसानों को स्थानीय स्तर पर धान विक्रय की सुविधा मिली है। पहले किसानों को अपनी उपज लेकर दूसरे उपार्जन केंद्रों तक जाना पड़ता था। इसमें ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों से परिवहन करने पर अतिरिक्त किराया देना पड़ता था। साथ ही धान बेचने की प्रक्रिया में पूरा दिन लग जाता था। अब नजदीक में ही खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से किसानों को इन परेशानियों से राहत मिल रही है।

700 से 800 रुपये तक परिवहन खर्च की हो रही बचत
ग्राम पंचायत गुमगरा खुर्द के किसान देव प्रकाश साहू ने बताया कि पहले धान बेचने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे परिवहन पर लगभग 700 से 800 रुपये तक खर्च हो जाते थे। इसके साथ ही आने-जाने और धान विक्रय की प्रक्रिया में पूरा दिन लग जाता था। इस वर्ष उन्होंने समिति के माध्यम से टोकन कटवाया। उन्होंने बताया कि अब गांव के नजदीक ही धान उपार्जन केंद्र खुल जाने से काफी सुविधा हो गई है। इससे किराया-भाड़ा, समय और शारीरिक मेहनत तीनों की बचत हो रही है।
देव प्रकाश साहू ने कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है और खेती-किसानी के कार्य अब आसान हो गया है । उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि अब धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। गांव के नजदीक समिति खुलने से किसानों की परेशानी काफी कम हुई है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

आधा किलोमीटर की दूरी पर मिल रही धान बेचने की सुविधा
ग्राम पंचायत कोरजा के किसान केशवर राजवाड़े ने बताया कि पहले उनके गांव के किसानों को धान बेचने के लिए जमगला समिति जाना पड़ता था, जो गांव से लगभग पांच से छह किलोमीटर दूर थी। धान को वहां तक ले जाने और वापस आने में परिवहन का खर्च उठाना पड़ता था। अब बिनकरा में नया धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से उनके घर से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर ही धान विक्रय की सुविधा मिल गई है। इससे किसानों को काफी राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष उन्होंने मोबाइल के माध्यम से ही धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया है। आज उनके टोकन में 20 क्विंटल 80 किलोग्राम धान की मात्रा निर्धारित है। उन्होंने कहा कि खेती से प्राप्त उपज को बेचने के लिए अब लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती। नजदीक में केंद्र खुलने से परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत हो रही है।
केशवर राजवाड़े ने कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल रही है। इससे खेती-किसानी के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने, ट्रैक्टर सहित अन्य कृषि कार्यों के खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने नवीन धान उपार्जन केंद्र खोलने की पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे छोटे किसानों को विशेष लाभ मिला है।

किसानों की सुविधा और सहूलियत को प्राथमिकता
राज्य शासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को किसानों के लिए अधिक सुलभ, सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना इसी किसान हितैषी सोच का परिणाम है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने, अतिरिक्त परिवहन खर्च उठाने और अनावश्यक समय व्यय करने से राहत मिल रही है।
बिनकरा धान उपार्जन केंद्र के माध्यम से पांच ग्राम पंचायतों के 999 पंजीकृत किसानों को मिली सुविधा इस बात का उदाहरण है कि ग्रामीण क्षेत्रों में खरीदी केंद्रों का विस्तार किसानों के लिए कितना उपयोगी साबित हो रहा है। नजदीक में खरीदी केंद्र,ऑनलाइन टोकन की सुविधा और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।

About The Author