भोरमदेव शक्कर कारखाने में गन्ना किसानों के लिए पुख्ता इंतजाम, बलराम सदन में मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं

कवर्धा, 19 नवंबर 2026/sns/- भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा पेराई सीजन के दौरान गन्ना किसानों की सुविधा और सहूलियत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कारखाना परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों को गन्ना विक्रय के दौरान अपनी बारी का इंतजार करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सर्वसुविधायुक्त बलराम सदन का निर्माण कराया गया है। यहां किसानों के लिए आरामदायक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, लाइब्रेरी और टेलीविजन देखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कारखाना प्रबंधन द्वारा पेराई सत्र प्रारंभ होने से पूर्व ही परिसर के सभी शौचालयों की साफ-सफाई कराई गई है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो स्थानों पर स्नानागार की व्यवस्था भी की गई है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से गन्ना लेकर आने वाले किसानों को काफी सहूलियत मिल रही है। किसान गन्ना विक्रय के दौरान अपनी बारी आने तक बलराम सदन में आराम कर सकते हैं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

श्रम अन्न योजना के तहत 5 रुपये में पौष्टिक भोजन

कारखाना परिसर में शासन की श्रम अन्न योजना के अंतर्गत श्रमिकों एवं किसानों के लिए मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। कैंटीन संचालक द्वारा साप्ताहिक अवकाश को छोड़कर सप्ताह के छह दिनों के लिए अलग-अलग भोजन मेन्यू निर्धारित किया गया है। निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जाता है। शासन द्वारा कैंटीन संचालन का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि किसान एवं श्रमिक निर्धारित समय में भोजन का लाभ ले सकें।

सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा, व्यवस्थित यार्ड में 300 ट्रैक्टरों की पार्किंग

किसानों एवं उनके वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कारखाना परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परिसर के सभी कैमरे संचालित हैं, जिससे संपूर्ण परिसर की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही कारखाना परिसर के केन यार्ड का मरम्मत एवं सीसी रोड निर्माण कार्य भी कराया गया है। कारखाना प्रबंधन द्वारा प्रत्येक वर्ष बारिश समाप्त होने के बाद यार्ड का सुधार कार्य कराया जाता है। वर्तमान में यार्ड समतल एवं व्यवस्थित है, जहां एक समय में लगभग 200 से 300 ट्रैक्टर आसानी से खड़े हो सकते हैं। इससे गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों को वाहनों की पार्किंग एवं आवागमन में सुविधा मिल रही है। वहीं, कारखाना परिसर के बाहर नेशनल हाईवे पर स्थापित स्ट्रीट लाइटों का संचालन एवं संधारण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जाता है। लाइट बंद होने की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है।

किसानों ने व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना प्रबंधन द्वारा पेराई सीजन के दौरान किसानों की सुविधा, स्वच्छता, भोजन, सुरक्षा एवं वाहनों की पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कारखाना परिसर में उपलब्ध सुविधाओं से गन्ना किसान संतुष्ट हैं। इस संबंध में रघुनाथपुर के किसान श्री मजोन जांगड़े एवं श्री महंत दास, सिंघनपुरी के श्री जीतराम साहू तथा जरती के श्री जवाहर वर्मा ने कारखाना परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं को किसानों के लिए सुविधाजनक बताया। इस प्रकार भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा पेराई सीजन में गन्ना किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं से किसानों को न केवल इंतजार के दौरान आराम और सुविधा मिल रही है, बल्कि स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और सुरक्षा के प्रति भी भरोसा मजबूत हो रहा है।

About The Author