विकसित भारत जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का हुआ आयोजन
कवर्धा, 19 नवंबर 2026/sns/- विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिला पंचायत के सभाकक्ष भवन में योजना से जुड़े सभी मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित अन्य निर्माण एजेंसियों का एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित किया गया। कार्यशाला में उपस्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि विकसित ग्राम पंचायत प्लान बनाने के लिए ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों से समय लेकर उनके साथ बैठकें करते हुए सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन गतिविधि (पीआरए) एक्टिविटी द्वारा योजना निर्माण को अंतिम रूप दी जाए।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि प्रस्तावित कार्यस्थलों का भ्रमण करे। अधिनियम के चार आधार स्तंभ सशक्तिकरण, विकास, अभिसरण एवं संतृप्ति के लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्लानिंग बनाकर कार्य करने का कहा गया। जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता में रखने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और विभिन्न विभागों के मध्य अभिसरण को सुदृढ़ कर टिकाऊ परिसंपत्तियां द्वारा प्राकृतिक संसाधनों का प्रबंधन और आजीविका की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई। इसके सत्र ही आगामी 1 दिसंबर से प्रारंभ किए जाने वाले कार्यों एवं गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर अधिक से अधिक लोगों को रोजगार देने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में विकसित भारत जी राम जी योजना से जुड़े समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी,सभी कार्यक्रम अधिकारी,संबंधित लाइन विभागों के अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के सभी अनुविभागीय अधिकारी उपयंत्री के साथ योजना से जुड़े सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।