आवास प्लस 2.0 के नए लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने प्रशासन सक्रिय
सुकमा, 19 नवम्बर 2026/sns/- जिले में पात्र परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जनपद सीईओ श्री गौतम अहीर, जिला समन्वयक (प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण) श्री राकेश निराला ने जनपद पंचायत कोंटा में आवास प्लस 2.0 के तहत प्राप्त नवीन आवास लक्ष्य के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। इसके साथ ही फील्ड विजिट कर हितग्राहियों से जॉबकार्ड अद्यतन, ई-केवाईसी एवं एआई वैलिडेशन की प्रगति का परीक्षण करते हुए लंबित आवास स्वीकृति और प्रथम किस्त भुगतान में आ रही बाधाओं की जानकारी ली गई। साथ ही डीबीटी की स्थिति का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान विशेष परियोजना (स्पेशल प्रोजेक्ट) के अंतर्गत स्वीकृत अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए नोडल अधिकारीवार टीम गठित कर स्पष्ट जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा हितग्राहियों से नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मैदानी स्तर पर निर्माण कार्यों की सतत निगरानी, प्रगति का नियमित आकलन और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल आवास स्वीकृति तक सीमित न रहकर प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर किस्त का भुगतान और उसके सपनों का पक्का घर उपलब्ध कराना है।