बीजापुर की बेटी पुष्पलता दीवान ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान, बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन


बीजापुर, 20 नवंबर 2026/sns/- बीजापुर जिले की प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ी पुष्पलता दीवान ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर जिले को गौरवान्वित किया है। सीमित संसाधनों के बीच खेल के प्रति समर्पण और निरंतर अभ्यास से हासिल की गई यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बालिकाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है। पुष्पलता की सफलता यह संदेश देती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

कक्षा 9वीं से शुरू हुआ बैडमिंटन का सफर- बीजापुर जिले की निवासी पुष्पलता दीवान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा पहली से बारहवीं तक बीजापुर में ही पूरी की है। वर्तमान में वे शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, बीजापुर में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा हैं। खेल के प्रति उनकी रुचि बचपन से ही रही है, लेकिन बैडमिंटन के क्षेत्र में उनके सफर की वास्तविक शुरुआत कक्षा 9वीं से हुई।
बैडमिंटन के प्रति बढ़ती रुचि और खेल में आगे बढ़ने की इच्छा ने उन्हें बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी तक पहुंचाया। अकादमी में प्रवेश लेने के बाद उन्होंने नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा को निखारना शुरू किया। धीरे-धीरे खेल की तकनीकों, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमताओं में सुधार करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर तय किया।

कोच कमलेश्वरी निषाद के मार्गदर्शन ने संवारी प्रतिभा- पुष्पलता की इस सफलता में बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी की बैडमिंटन कोच सुश्री कमलेश्वरी निषाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन में पुष्पलता ने बैडमिंटन की तकनीकी बारीकियों, खेल कौशल और अनुशासन को सीखा। कोच द्वारा दिए गए नियमित प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने उनके आत्मविश्वास को मजबूत किया। पुष्पलता बताती हैं कि उनकी कोच ने हमेशा उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया। निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम के साथ कोच के मार्गदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

माता-पिता और परिवार का सहयोग बना सफलता की ताकत- पुष्पलता की खेल यात्रा में उनके परिवार का भी विशेष योगदान रहा है। उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। परिवार में माता-पिता के साथ तीन बहनें और एक भाई हैं। परिवार के सभी सदस्यों ने पुष्पलता की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित किया और हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया। पुष्पलता का कहना है कि माता-पिता के विश्वास और परिवार के सहयोग ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। परिवार से मिले प्रोत्साहन ने उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाया और खेल में निरंतर आगे बढ़ने का हौसला दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं क्रीड़ा अधिकारी का मिला प्रोत्साहन- शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, बीजापुर में प्रवेश लेने के बाद पुष्पलता को महाविद्यालय परिवार का भी निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ। प्रभारी प्राचार्य श्री ललित सिंह ठाकुर, क्रीड़ा अधिकारी श्री अश्वनी कुमार साहू एवं समस्त सहायक प्राध्यापकों ने उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय से मिले सहयोग और मार्गदर्शन ने पुष्पलता को पढ़ाई के साथ खेल में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि के लिए महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

राष्ट्रीय स्तर पर चयन से जिले में खुशी, युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा- राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयनित होना पुष्पलता के खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सफलता उनके वर्षों के अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत का परिणाम है। उनकी उपलब्धि से यह स्पष्ट होता है कि बीजापुर जैसे जिले में भी खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण, अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं।
अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का सपना- राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने के बाद पुष्पलता का अगला लक्ष्य बैडमिंटन के क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना है। वे भविष्य में भी नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम के माध्यम से अपने खेल कौशल को बेहतर बनाना चाहती हैं। पुष्पलता कहती हैं, ’’मेरा सपना है कि मैं बैडमिंटन खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बीजापुर जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करूं। मेरा विश्वास है कि निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। बीजापुर की बेटी पुष्पलता दीवान की यह सफलता जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है। उनका राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सफर यह संदेश देता है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत से सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।

About The Author