गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए खुले निजी स्कूलों के द्वार

सुकमा, 21 नवम्बर 2026/sns/- जिले के असुविधाग्रस्त और दुर्बल वर्ग के बच्चों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (RTE)अधिनियम 2009 की धारा 12 (1)  (C) के तहत, सत्र 2027-28 के लिए जिले की 19 निजी शालाओं में कक्षा पहली की 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया आगामी 01 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल के अंतर्गत बीपीएल (गरीबी रेखा के नीचे) परिवारों, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग, अनाथ, एचआईवी पॉजिटिव तथा तृतीय लिंग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का लाभ मिलेगा, जिनकी शिक्षण शुल्क की शत-प्रतिशत प्रतिपूर्ति शासन द्वारा की जाएगी।
प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुगम और त्वरित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ठोस व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत संबंधित शालाओं के प्राचार्यों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर विशेष दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि अभिभावकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस वर्ष प्रशासन द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के दाखिलों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इच्छुक अभिभावक जन सेवा केंद्र, इंटरनेट कैफे, नागरिक सहयोगी संस्थाओं या सीधे जिला/विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय व नोडल प्राचार्यों के माध्यम से विभागीय पोर्टल (http://eduportal.cg.nic.in/rte/student/studentRegistration.aspx) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
   जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय सुकमा ने समस्त पात्र परिवारों से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने आसपास के पात्र एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों को भी इसके लिए जागरूक करें। प्रशासन ने सुझाव दिया है कि अभिभावक आवेदन तिथि से पूर्व ही बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा संबंधित वर्ग का प्रमाण पत्र (जैसे बीपीएल सूची, जाति या मेडिकल प्रमाण पत्र) तैयार रखें। किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन या अधिक जानकारी के लिए अभिभावक सीधे संबंधित संस्था प्रमुख, सहायक नोडल अधिकारी अथवा जिला शिक्षा कार्यालय सुकमा से संपर्क कर सकते हैं।

About The Author