गोरली कला के योजना जत्था कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह, 120 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा


सुकमा, 22 नवम्बर 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं योजनाओं के लाभों से परिचित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम गोरली कला में योजना जत्था कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 120 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। लोककला, रोचक संवाद और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी को सहज, सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
वर्तमान में धान कटाई के मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न शासकीय योजनाओं, सुविधाओं और हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभों की जानकारी विशेष रूप से दी गई। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाया गया, जिससे वे योजनाओं की पात्रता, लाभ और उपयोगिता को आसानी से समझ सकें। मंच पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने जागरूकता का संदेश देने के साथ ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने आयोजन को जीवंत एवं प्रभावशाली बना दिया। योजना जत्था के माध्यम से जिला प्रशासन की यह पहल शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। लोकसंस्कृति और जनभागीदारी के समन्वय से प्रशासन का प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण विकास की प्रक्रिया को नई गति मिले।

About The Author