आईटीआई पथरिया में कौशल दीक्षांत समारोह का हुआ आयोजन

मुंगेली, 23 नवंबर 2026/sns/- शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), पथरिया में कौशल दीक्षांत समारोह 2026 का आयोजन किया गया। समारोह में एनसीवीटी के अंतर्गत संचालित कोपा एवं इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित कर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डाड़गांव के भौतिकी व्याख्याता श्री एन.आर. चंद्राकर ने मेधावी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन आवश्यक है। तकनीकी कौशल को अपनी ताकत बनाकर युवा अपने लिए बेहतर भविष्य के अवसर तैयार कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था प्रमुख सुश्री हेमपुष्पा ने टॉपर प्रशिक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान और कार्यक्षेत्र की आवश्यक दक्षताएं प्रदान करता है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को अपने अर्जित कौशल का प्रभावी उपयोग करते हुए रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में संस्था के सभी ट्रेडों के प्रशिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author