शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु 30 नवम्बर तक आवेदन आमंत्रित
राजनांदगांव, 23 नवम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के प्रावधानों के अंतर्गत नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ में पूर्व से संचालित दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए पात्र संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगढ़ द्वारा पूर्व में इन दुकानों का संचालन करने वाली संस्थाओं द्वारा अनियमितता किए जाने के कारण उनका संलग्नीकरण निरस्त कर नवीन पात्र संस्थाओं को दुकानें आबंटित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगढ़ ने बताया कि नगर पालिका परिषद् डोंगरगढ़ वार्ड क्रमांक 9 अम्बेडकर वार्ड के शासकीय उचित मूल्य दुकान का पूर्व संचालक मां महागौरी महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित डोंगरगढ़ तथा वार्ड क्रमांक 10 गणेश वार्ड के शासकीय उचित मूल्य दुकान का पूर्व संचालक सांई बाबा खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित डोंगरगढ़ के स्थान पर नवीन पात्र संस्थाओं को दुकानें आबंटित की जाएंगी। छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की धारा 9 के प्रावधानों के अनुसार जिले में स्थित वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां (लेम्पस), प्राथमिक कृषि साख समितियां, वन सुरक्षा समितियां, महिला स्व-सहायता समूह, अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियां तथा राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक पात्र संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र के साथ समस्त आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर 30 नवम्बर 2026 तक कार्यालयीन समय में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय डोंगरगढ़ में आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। शासकीय उचित मूल्य दुकानों का आबंटन छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। इच्छुक संस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।