12 दिसंबर को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत, अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण के लिए तैयारियां तेज
मुंगेली, 26 नवम्बर 2026/sns/- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली के मार्गदर्शन में आगामी 12 दिसंबर 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन जिला न्यायालय मुंगेली एवं व्यवहार न्यायालय लोरमी में किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के राजीनामा योग्य प्रकरणों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, आपराधिक राजीनामा योग्य प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 (चेक अनादरण), राजस्व प्रकरण, सिविल प्रकरण, वैवाहिक एवं पारिवारिक प्रकरण तथा अन्य शमनीय अपराधों के निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही न्यायालय में मामला दर्ज होने से पूर्व के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को भी आपसी समझौते के माध्यम से निराकृत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत की तैयारियों एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के संबंध में जिला न्यायालय के सभागार कक्ष में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में दोपहर 02 बजे बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी लोक अदालत के लिए प्रकरणों को समय पर प्रस्तुत करने, संबंधित पक्षकारों को समय से सूचना पत्र जारी करने तथा उनके मध्य आपसी चर्चा एवं सुलह-वार्ता आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्री-सीटिंग की प्रक्रिया पूरी कर अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बैठक में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश श्री राकेश कुमार सोम एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली श्री सतीश कुमार खाखा सहित लीड बैंक एवं अन्य बैंकों के अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, साइबर सेल मुंगेली तथा नगर पालिका परिषद मुंगेली के सहायक अभियंता विशेष रूप से उपस्थित रहे।