बीजापुर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की सख्ती

बीजापुर, 26 नवंबर 2026/sns/- आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में ‘सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार’ विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में बीजापुर जिले के होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैफे एवं स्ट्रीट फूड वेंडर्स का औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

इसी क्रम में 20 नवंबर 2026 को अभिहित अधिकारी श्री डी.के. देवांगन के नेतृत्व में फास्ट फूड सेंटर, एग रोल सेंटर, नाश्ता सेंटर एवं चाट-गुपचुप ठेला सहित विभिन्न स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के पास खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया। संबंधित विक्रेताओं को तत्काल खाद्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सामग्री को ढंककर रखने, हेड कवर पहनने तथा प्रिंटेड पेपर का उपयोग न करने के लिए निर्देशित किया गया।

वहीं, 23 नवंबर 2026 को अभिहित अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मेसर्स दक्षिण एरोमा रेस्टोरेंट, मेसर्स फरमाइश रेस्टोरेंट एवं मेसर्स लिटिल हार्ट कैफे का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेसर्स दक्षिण एरोमा रेस्टोरेंट के पास मौके पर खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। बिना खाद्य लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने के मामले में प्रकरण तैयार किया गया।

मेसर्स फरमाइश रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान  रसोई में काले धब्बे पड़े फूलगोभी खरीद कर लाया जाना पाया गया। हरी सब्जियों को सुरक्षित रखने के लिए उचित व्यवस्था नहीं पाई गई।रसोई के अंदर बर्तन धोने का कार्य करते पाया गया , इसके अलावा  वेज एवं नॉनवेज थालियों को एक साथ रखा जाना भी पाया गया। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने के लिए अनुशंसा की गई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मेसर्स दक्षिण एरोमा रेस्टोरेंट से ऑनियन ग्रेवी एवं गेहूं का आटा तथा मेसर्स फरमाइश रेस्टोरेंट से पका हुआ दाल, राइस बिरयानी एवं पनीर के नमूने एकत्रित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उचित भंडारण एवं खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य है। अभियान के तहत जिले में होटल, रेस्टोरेंट, कैफे एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और आवश्यक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

About The Author