जिले के अमृत सरोवरों किया गया संविधान दिवस गरिमामय का आयोजन

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026/sns/- भारतीय संविधान के गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संविधान दिवस पर जिले के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने, जल संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने जिला पंचायत सभाकक्ष में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। उन्होंने संविधान में निहित लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता जैसे मूलभूत आदर्शों के महत्व को बताया।
संविधान दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत पचेड़ा के अमृत सरोवर स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पूर्व माध्यमिक विद्यालय पचेड़ा के विद्यार्थियों ने संविधान के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए नागरिकों की जिम्मेदारियों और संवैधानिक अधिकारों के महत्व को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से संदेश दिया कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में संविधान के आदर्शों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। ग्राम पंचायत चारपारा के अमृत सरोवर तालाब परिसर में भी संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का वाचन, स्वच्छता शपथ तथा मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही तालाब परिसर में स्वच्छता गतिविधियां संचालित कर ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी श्री हृदय शंकर, ग्राम सरपंच श्रीमती मानीबाई, सचिव श्री घासीराम पटेल, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
जिले के विभिन्न अमृत सरोवरों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में युवाओं, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, विकसित भारत-जी राम जी योजना के श्रमिकों, स्व-सहायता समूहों तथा आजीविका दीदियों की सहभागिता रही। कार्यक्रमों के दौरान अमृत सरोवरों के आसपास स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इन आयोजनों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान और नागरिक कर्तव्यों की भावना को मजबूत करने के साथ अमृत सरोवरों को जनभागीदारी, सामुदायिक जागरूकता एवं जल संरक्षण के केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया।

About The Author