कम उत्पादन होने पर भी किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से मिलेगी अंतर राशि
बलौदाबाजार-भाटापारा,27 नवंबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ की सुशासन सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से किसानों में खुशी का माहौल है।
ग्राम पौसरी निवासी किसान श्री गोविंद प्रसाद वर्मा ने प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में सरकार की यह पहल सराहनीय है।
गोविंद ने विशेष रूप से कृषक उन्नति योजना के तहत लिए गए निर्णय की सराहना करते हुए बताया कि जिन किसानों का धान उत्पादन प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम हुआ है, उन्हें भी 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय कम उत्पादन वाले किसानों के लिए बड़ी राहत है। इससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और खेती-किसानी के प्रति उनका विश्वास और मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि उनके पास लगभग 4 एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करता है। ऐसे में सरकार द्वारा किसानों की समस्याओं को समझते हुए उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करना और कम उत्पादन की स्थिति में भी आर्थिक सहायता देना सराहनीय कदम है।
किसान गोविंद ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन सरकार सदैव किसानों के हित में काम कर रही है। सरकार के किसान हितैषी निर्णयों से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी समस्याओं को समझकर लिए जा रहे ऐसे निर्णय वास्तव में प्रशंसनीय हैं।