जिला स्तरीय पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण संपन्न
बीजापुर, 17 जनवरी 2026/sns/-छत्तीसगढ़ राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद शंकर नगर रायपुर के आदेशानुसार एवं राज्य से ज्ञान प्रकाश द्विवेदी के निर्देशन और डाइट प्राचार्य वेंकट रमन के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में बीजापुर जिले के चारों विकासखंड के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल के सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याताओं (कुल 67) का जिला स्तरीय पांच दिवसीय, आवासीय योग प्रशिक्षण एससीईआरटी द्वारा प्रशिक्षित डीआरजी के माध्यम से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) बीजापुर में दिनांक 12 जनवरी से 16 जनवरी 2026 तक डाइट फेकल्टी एवं विकासखंडों से आए बीआरजीएस की उपस्थिति में पूजा अर्चना एवं सरस्वती वंदना के साथ शुभारंभ होते हुए संपन्न हुआ।
जिले के सभी विकासखंड से चयनित योग प्रशिक्षार्थियों का डीआरजीएस के माध्यम से राज्य से प्रदाय समय सारणी अनुसार प्रतिदिन प्रातः कालीन योग अभ्यास करते हुए, दिवसवार योग का परिचय एवं महत्व, सावधानियां, योग को प्रभावी बनाने के उपाय, विद्यार्थी जीवन में खेलों का महत्व, अष्टांग योग, षट्कर्म, प्राणायाम, योग मुद्राएं, बंध, योग द्वारा विद्यार्थी में व्यक्तित्व का विकास, योग एवं तनाव प्रबंधन, स्वास्थ्य के विकास में योग की भूमिका, सूर्य नमस्कार का महत्व, नैतिक परक शिक्षा का विद्यार्थी जीवन में महत्व, मद्यपान एवं नशीले पदार्थों से बचाव का उपाय, रोग प्रतिरोधक शक्ति का विकास हेतु उपयोगी योगासन, सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन का महत्व, योग द्वारा प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, यातायात के सामान्य नियम, अनुभव कथन इत्यादि विषयों पर विस्तार से चर्चा परिचर्चा करते हुए समझ विकसित किया गया। समय सारणी अनुसार प्रतिभागियों द्वारा विकासखंडवार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। शिक्षकों द्वारा अलग-अलग कार्यक्रम जैसे – नाटक, गीत, नृत्य आदि के माध्यम से योग शिक्षा के महत्व को बताया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस डाइट प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों से चर्चा परिचर्चा करते हुए, योग के महत्व एवं दैनिक जीवन में उपयोग के बारे में विस्तार से बताया और योग शिक्षा को विद्यालय में बेहतर रूप से संचालित करने का अनुरोध किया। योग मास्टर ट्रेनर्स जरासन सोनवानी, बल्लू राम नेताम, गणेश सोढ़ी एवं अंबेलता मिंज द्वारा सभी योगासनों की जानकारी प्रयोगिक एवं सैद्धांतिक रूप से देते हुए कुशलता पूर्वक योग करने एवं शालाओं में करवाने हेतु प्रेरित किया। प्री टेस्ट एवं पोस्ट टेस्ट का आयोजन भी हुआ।
प्राचार्य द्वारा सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। तत्पश्चात सभी की उपस्थिति में फोटो सेशन के साथ योग प्रशिक्षण का समापन हुआ।