यू जी सी क़ानून के विरोध में सवर्ण समाज महासमुंद का वृहद प्रदर्शन

05 जनवरी 2026/sns/- को केंद्र सरकार द्वारा पारित यू जी सी क़ानून के विरोध में महासमुंद के समस्त सवर्ण जाति के लोगों ने महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम पर कलेक्टर को ज्ञापन सौपा । हजारों की संख्या में लोग स्थानीय लोहिया चौक में दोपहर 12 बजे एकत्र हुए । सभी सदस्यों नें हाथ में काली पट्टी बांधकर बड़े ही शांतिपूर्वक तरीके से उक्त ज्ञापन सौंपा । सवर्ण समाज के प्रमुखों ने बताया की केंद्र सरकार की नीति अव्यवहारिक एवं समाज को तोड़ने वाली है । उन्होंने  कहा कि यदि इस कानून को वापस नहीं लिया गया तो सवर्ण समाज के द्वारा उग्र प्रदर्शन और भारत बंद का आव्हान किया जाएगा । हम सदियों से दूसरे समाज एवं राजनीतिक दलों के हित के लिए अपना व्यवसाय व उद्योग बंद करते आये हैं किंतु आज हमे अपने स्वयं के लिए व्यवसाय व उद्योग बंद करने का समय आ गया है । सवर्ण समाज का देश के विकास में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान रहा है । इसके बाद भी केंद्र सरकार अपने वोट बैंक के लिए हमें बली का बकरा बना रही है । आज ज्ञापन सौंपने के लिए सवर्ण समाज के अंतर्गत ब्राह्मण समाज, जैन समाज, सिख समाज, राजपूत क्षत्रिय समाज, मराठा समाज, छ.ग. करण महंती समाज, अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज, सिंधी समाज, गुप्ता समाज, कायस्थ समाज, गुजराती समाज, बंग समाज, दक्षिण भारतीय ब्राह्मण समाज के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य गण उपस्थित थे । इस रैली में सवर्ण समाज की महिलाये भी बहुत संख्या में सरकार की इस नीति का विरोध करने पहुंची थी । बाइक रैली लोहिया चौक से प्रारंभ होकर नेहरू चौक, कचहरी चौक, बरौंडा चौक आदि शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंची । रैली में युवाओं ने केल वस्त्रों में आकर अपना विरोध दर्ज किया । ज्ञापन सौंपने हेतु जाते समय रैली ने विधायक निवास एवं भाजपा कार्यालय के समक्ष केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाकर जमकर नारेबाजी की । सवर्ण समाज प्रमुखों ने बताया कि राज्य स्तर पर बैठक हो चुकी है जिसमे आगे की रणनीति तय की जा रही है । यदि इस कानून को वापस नहीं लिया गया तो सवर्ण समाज के सभी प्रतिनिधि पार्षद, विधायक, सांसद चाहे वो किसी भी दल से जुड़े हैं सामूहिक रूप से इस्तीफा देने पर मजबूर हो जाएंगे, और इस देश के इतिहास में एक काला अध्याय जुड़ जाएगा ।  जिस प्रकार नेपाल और बांग्लादेश में सरकार के एक ग़लत निर्णय के कारण जैन जी ने उग्र आंदोलन करके पूरे देश में अप्रिय स्थिति निर्मित कर दी थी वैसा ही माहौल इस देश की केंद्र सरकार बना रही है । यदि इस कानून को वापस नहीं लिया गया तो इस देश में अप्रिय स्थिति निर्मित हो सकती है । ज्ञात हो की इस क़ानून के संदर्भ में उच्चतम न्यायालय ने तल्ख़ टिप्पणी करते हुए स्थगन आदेश भी दिया है । इस ज्ञापन के माध्यम से सवर्ण समाज ने केंद्र सरकार से यू जी सी कानून को निरस्त करने की अपील की है ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *