बस्तर में 1574 स्थानों पर गूंजेगा तनाव-मुक्त परीक्षा का मंत्र


जगदलपुर, 5 फरवरी 2026/
sns/- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुप्रतीक्षित संवाद कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण को लेकर बस्तर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार 6 फरवरी को होने वाले इस राष्ट्रव्यापी आयोजन के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में इस कार्यक्रम की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस्तर के कुल 1574 स्थानों पर एक साथ इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूर वनांचल के विद्यार्थी भी प्रधानमंत्री के संवाद का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था विद्यालयों के साथ ही सामुदायिक भवनों में भी की गई है।
जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक पांडे ने बताया कि इस महाअभियान का केंद्र बिंदु जगदलपुर शहर स्थित ऐतिहासिक जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बस्तर हाई स्कूल) रहेगा, जहाँ जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यहाँ बड़े पैमाने पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना जाएगा। शिक्षा विभाग ने जगतू माहरा स्कूल में प्रसारण के लिए विशेष तकनीकी व्यवस्था सुनिश्चित की है, जिससे यह आयोजन अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बने। वहीं जिले के अन्य सभी निर्धारित केंद्रों पर सुबह 10 बजे से स्मार्ट क्लास, प्रोजेक्टर और टेलीविजन स्क्रीन के माध्यम से लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से परीक्षा के डर को निकालकर उसे एक उत्सव के रूप में मनाने के लिए प्रेरित करना है। डिजिटल युग की भागीदारी को बढ़ाते हुए, जो अभिभावक या छात्र इन 1574 केंद्रों तक नहीं पहुँच पाएंगे, वे घर बैठे यूट्यूब, फेसबुक लाइव, दूरदर्शन और पीएम ई-विद्या चैनलों के माध्यम से भी इस चर्चा में शामिल हो सकेंगे। बस्तर के स्कूलों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *