सुरक्षित इंटरनेट दिवस का आयोजन, साइबर सुरक्षा को लेकर किया गया जागरूक

सुकमा, 12 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में सुरक्षित इंटरनेट दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के द्वितीय मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं शासकीय कर्मचारियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शासन के दैनिक कार्यों में इंटरनेट एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, डेटा सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बरतने के उपाय विस्तार से समझाए गए।
डिजिटल पेमेंट, ई-शॉपिंग, ई-लर्निंग एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड एवं स्कैम के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या व्यक्तिगत विवरण साझा न करें।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री शबाब खान सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *