होली एवं ईद-उल-फितर (ईद) का त्यौहार शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाए जाने हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

अम्बिकापुर, 26 फरवरी 2026/sns/- आगामी 04 मार्च 2026  को होली का त्यौहार एवं 21 मार्च  को ईद-उल-फितर (ईद) का त्यौहार मनाया जाएगा। त्यौहारों को शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाए जाने हेतु जिला स्तरीय  शांति  समिति की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। इस दौरान नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, आईपीएस श्री राहुल बंसल,अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर निगम आयुक्त श्री डी एन कश्यप, समिति के सभी सदस्य, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में महापौर नगर निगम श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि सरगुजा जिले में सभी त्योहार आपसी भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाते हैं। इस वर्ष भी होली एवं ईद-उल-फितर (ईद) का त्यौहार सामाजिक सद्भाव के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा।उन्होंने उपस्थित समिति के सदस्यों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आपसी सहयोग और समन्वय कर जिले में शांति, सौहार्द्र और सद्भावना बनाये रखने की अपील की, जिसमें जिले में हमेशा की भांति उत्साह और उल्लास के साथ पर्व मनाया जा सके।
अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक ने कहा कि  असमाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी एवं आवश्यक कार्रवाई भी होगी। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को बनाये रखने में सहयोग करने एवं सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों की सूचना शीघ्र जिला एवं पुलिस प्रशासन को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईद के त्योहार के दिन ईदगाह एवं मस्जिदों के पास सुरक्षा के इंतेजाम किए जाएंगे तथा ट्रैफिक व्यवस्था भी दुरुस्त रहेगी। वहीं त्योहार के दिन जलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति, आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु चिकित्सालयों में व्यवस्था रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ढिल्लो ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग भी की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम विजिट करेगी। हुड़दंग करने वाले शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, कानून का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई भी की जायेगी। त्योहारों से पूर्व ही वाहनों की जांच, ब्रीथ एनेलाइजर से जांच, नशे पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत हेतु आमजनों के लिए कंट्रोल रूम का नम्बर जारी किया जाएगा। उन्होंने इस हेतु बैठक में सभी से क़ानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों ने पर्व जिले में शांतिपूर्ण, लोक परम्परागत ढंग से मनाए जाने हेतु अपने सुझाव रखे। जिसमें कहा गया कि विद्यालय एवं महाविद्यालय की परीक्षाओं को ध्यान रखते हुए तेज आवाज डीजे पर कार्रवाई की जाए। चौक चौराहों में जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तीन सवारी पर कार्रवाई हो। आपातकालीन सुविधा जैसे चिकित्सा सेवा, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, मछुआरों एवं गोताखोरों की टीम एक्टिव रहें। थाना स्तर के कंट्रोल रूम का नम्बर जारी किया जाए, मिठाई की मिलावट, रासायनिक रंगों आदि की जांच हो।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *