धूम्रपान निषेध दिवस पर जागरूकता रथ रवाना, कोटपा एक्ट के उल्लंघन पर 18 दुकान दारों पर कार्रवाई

अम्बिकापुर, 12 मार्च 2026/sns/-   जिले में धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर शहर में जागरूकता रथ  रवाना किया गया, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आमजन को तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि धूम्रपान आज के समय में एक गंभीर वैश्विक समस्या बन चुकी है। यह न केवल धूम्रपान करने वाले व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोगों को भी सेकेंड हैंड स्मोकिंग के माध्यम से प्रभावित करता है। इसलिए लोगों को इस आदत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। नोडल अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि धूम्रपान के कारण फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग, ब्रोंकाइटिस और अस्थमा जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। एक सर्वे के अनुसार तंबाकू के सेवन से हर वर्ष विश्व में लगभग 80 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु होती है। निकोटीन के कारण रक्तचाप बढ़ता है तथा हृदय की धमनियों में रुकावट उत्पन्न होती है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं बल्कि आर्थिक रूप से भी हानिकारक है, क्योंकि इससे व्यक्ति की मेहनत की कमाई सिगरेट और बीमारियों के इलाज में खर्च हो जाती है। वहीं धूम्रपान छोड़ने से शरीर में सकारात्मक बदलाव शुरू हो जाते हैं। कुछ ही घंटों में शरीर में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर सामान्य होने लगता है और रक्तचाप में सुधार आता है। धूम्रपान छोड़ने से जीवन प्रत्याशा में लगभग 10 वर्ष तक की वृद्धि हो सकती है तथा फेफड़ों की कार्यक्षमता में भी सुधार होता है। इस अवसर पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं खाद्य एवं औषधि विभाग के संयुक्त दल द्वारा अम्बिकापुर शहर के विभिन्न मार्गों पर निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए तंबाकू उत्पादों की बिक्री, सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान तथा बिना वैधानिक चेतावनी वाले पान-मसाला और सिगरेट बेचने पर 18 पान-मसाला विक्रेताओं के विरुद्ध कुल 2400 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। अब तक जिले में कुल 195 मामलों में कार्रवाई करते हुए 27,400 रुपये की चालान राशि वसूल कर जमा की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *