जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक संपन्न, गोवंश

मुंगेली, 19 मार्च 2026/sns/- जिले में गोवंशीय पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री धनेश साहू ने की। इस दौरान गौधाम संचालन, पशु प्रबंधन, अधोसंरचना विकास एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में गौधाम हेतु स्थानों के चिन्हांकन, संचालन के लिए चयनित संस्थाओं के दायित्व, मानव संसाधन की व्यवस्था, चरवाहा एवं गौ सेवकों की नियुक्ति, पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम तथा चारागाह विकास जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने गौधाम योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना गोवंशीय पशुओं के संरक्षण के साथ-साथ उनके संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इससे गोबर खाद सहित अन्य पशु उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। कलेक्टर ने गौधाम संचालन में नियमित निरीक्षण, निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मानव संसाधन चयन एवं चारागाह प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों के समीप गौधाम विकसित करने पर भी जोर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने पशुओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए टैगिंग व्यवस्था को आवश्यक बताया, ताकि पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे ने गौधामों में चारे की समुचित व्यवस्था तथा पैरा संग्रहण के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाने की बात कही। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि गौधाम योजना से पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ उचित व्यवस्थान सुनिश्चित होगा। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. आर.एम. त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि गौधाम योजना के तहत निराश्रित पशुओं के लिए शेड, पानी, बिजली एवं चारागाह जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 55 गौधाम के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से प्रथम चरण में 13 गौधामों के संचालन हेतु प्रस्ताव अनुमोदित कर आगे की कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया है। बैठक में विभिन्न ग्रामों में आवश्यकता अनुसार गौधाम हेतु भूमि चिन्हांकन पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर गौधाम समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *