22 मार्च को होगी उल्लास महापरीक्षा, 14 हजार से अधिक शिक्षार्थी देंगे महापरीक्षा

सुकमा, 20 मार्च 2026/sns/- जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा के तहत 22 मार्च 2026 को राज्यव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के नेतृत्व में यह अभियान जिले में शिक्षा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशानुसार संचालित इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कलेक्टर एवं जिला पंचायत द्वारा स्वयंसेवी शिक्षकों, ग्राम प्रभारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों एवं अन्य संबंधित कर्मियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल कर इस महापरीक्षा को सफल बनाएं। नवसाक्षरों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी के अनुसार परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक परीक्षार्थी को 3 घंटे का समय दिया जाएगा। इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु के उन शिक्षार्थियों को शामिल किया गया है जिन्होंने निर्धारित 200 घंटे का पाठ्यक्रम पूर्ण कर लिया है या पूर्व में साक्षरता प्राप्त करने के बावजूद पुनः अभ्यास की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिले में 520 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें जिला पुनर्वास केंद्र एवं जिला जेल सुकमा भी शामिल हैं। अब तक 14 हजार से अधिक शिक्षार्थी पंजीकृत हो चुके हैं। इसके साथ ही जिला, विकासखंड एवं संकुल स्तर पर मॉनिटरिंग टीम और कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जो परीक्षा के सफल एवं गुणवत्तापूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करेंगे। यह पहल सुकमा जिले को साक्षरता की दिशा में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की मजबूत कोशिश मानी जा रही है। जिला मुख्यालय सुकमा के माध्यमिक शाला कुम्हाररास सहित अन्य स्कूलों और आँगनबाड़ियों में शुक्रवार को आगामी उल्लास महापरीक्षा के संदर्भ में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य असाक्षर नागरिकों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गाँव में भ्रमण कर शिक्षा के महत्व को बताया और अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *