मेगा सुपरस्पेशलिटी हेल्थ कैंप का आयोजन सुकमा में

सुकमा, 23 मार्च 2026/sns/-नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सुकमा द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए 28 एवं 29 मार्च को मिनी स्टेडियम, सुकमा में “मेगा सुपरस्पेशलिटी हेल्थ कैंप” का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा।
जिला प्रशासन के तत्वाधान में आयोजित इस दो दिवसीय शिविर में देश के सुप्रसिद्ध अस्पतालों के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भाग लेगी। इस दौरान ग्रामीणों एवं शहरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञों से परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। इस स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, पेट संबंधी रोग, किडनी रोग, कैंसर, बाल रोग तथा श्वास संबंधी रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। विशेष बात यह है कि इस पूरे आयोजन में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं का वितरण पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा।
जिला प्रशासन का यह प्रयास उन लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा, जो दूरस्थ क्षेत्रों में रहने के कारण बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। शिविर के माध्यम से न केवल रोगों की समय पर पहचान होगी, बल्कि गंभीर बीमारियों के लिए आगे की उपचार प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन सुकमा ने अधिक से अधिक लोगों से इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। यह पहल क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और आम नागरिकों को बेहतर जीवन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *